Up Mein Ayushman Bharat Yojana Se Hua Pehla Kidney Transplant Eid Par Nazish Ko Mili Nayi Zindagi

यूपी में आयुष्मान भारत योजना से हुआ पहला किडनी ट्रांसप्लांट, ईद पर नाजिश को मिली नई जिंदगी

Published by: ZEE UP-UTTARAKHAND
Posted on: 29 Jun 2025

यूपी में आयुष्मान भारत योजना से हुआ पहला किडनी ट्रांसप्लांट, ईद पर नाजिश को मिली नई जिंदगी

UP News: उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना से राज्य में पहला किडनी ट्रांसप्लांट हुआ. ईद के मौके पर मेरठ की रहने वाली नाजिश को नई जिंदगी मिली. यह ट्रांसप्लांट नि: शुल्क हुआ. नाजिश के घरवालों को इसके लिए पैसे खर्च नहीं करने पड़े. 

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बिना भेदभाव केंद्र और राज्य की योजनाओं को हर तबके तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता का उदाहरण प्रस्तुत किया है. पीएम मोदी के सबका साथ, सबका विश्वास के मिशन को साकार करते हुए योगी सरकार के नेतृत्व में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से प्रदेश में पहला किडनी ट्रांसप्लांट सफलता के साथ संपन्न किया गया. इस किडनी ट्रांसप्लांट के जरिए मेरठ जनपद की 28 वर्षीय नाजिश को ईद के मौके पर नया जीवन मिला. नाजिश और उसके परिवार के लिए यह किसी तोहफे से कम नहीं.

ईद पर मिला सबसे बड़ा तोहफा
जानकारी के मुताबिक मेरठ जिले की सरधना तहसील के दौराला ब्लॉक स्थित वालिदपुर गांव के रहने वाले सलीम अहमद और सबीला की 28 वर्षीय बेटी नाजिश की किडनी जवाब दे गई थी. डॉक्टरों को दिखाया तो उन्होंने किडनी ट्रांसप्लांट के लिए बोल दिया. सलीम और उनका बेटा आजम मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते हैं. ऐसे में किडनी ट्रांसप्लांट का खर्च सुनकर पूरा परिवार सन्न रह गया, लेकिन आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से बिना कोई पैसा खर्च किए यह संभव हो गया.

किडनी ट्रांसप्लांट के बाद ईद पर नाजिश अपने घर पहुंच गई और पूरा परिवार बहुत खुश है. नाजिश की बहन फरहीन ने बताया कि बहन नाजिश और मां (डोनर) सबीला पूरी तरह स्वस्थ हैं. ईद पर आयुष्मान भारत योजना से हमारे परिवार को अनमोल उपहार मिला है.