Ab Up Ke Logon Ko Ilaj Ke Liye Delhi Mein Nahi Bhatakna Hoga Rashtrapati Murmu Ne Yashoda Medicity Ka Kiya Udghatan

अब यूपी के लोगों को इलाज के लिए दिल्ली में नहीं भटकना होगा! राष्ट्रपति मुर्मू ने 'यशोदा मेडिसिटी' का किया उद्घाटन

Published by: money control
Posted on: 26 Oct 2025

ashoda Medicity: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि अब यूपी के लोगों को इलाज के लिए दिल्ली में नहीं भटकना पड़ेगा। गाजियाबाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा निजी अस्पताल 'यशोदा मेडिसिटी' के लोकार्पण किए जाने के बाद सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है

Yashoda Medicity: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार (26 अक्टूबर) को गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक निजी अस्पताल 'यशोदा मेडिसिटी' का उद्घाटन किया। इसके बाद वहां मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सेवा देकर डॉक्टर पेशे से जुड़े लोग राष्ट्र की भी सेवा कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भी उपस्थित रहीं। राष्ट्र निर्माण में स्वास्थ्य सेवा की भूमिका पर जोर देते हुए राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘स्वास्थ्य सेवा राष्ट्रीय विकास का एक अभिन्न अंग है।’’

राष्ट्रपति ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोग भी देश के विकास में योगदान देते हैं। इसलिए उनका जीवन भी अनमोल है और उन्हें भी पूर्ण सहयोग और स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 'सिस्टम फॉर टीबी एलिमिनेशन इन प्राइवेट सेक्टर' (स्टेप्स) के तहत उत्तर भारत का पहला केंद्र 'यशोदा मेडिसिटी' को बनाया गया है।

मुर्मू ने कहा कि अस्पताल का नाम अपनी माता यशोदा जी के नाम पर रखना भारतीय संस्कारों और स्वदेशी की भावना का उदाहरण है। उन्‍होंने उम्‍मीद जताई कि स्वदेशी की भावना के साथ डॉक्टर रिसर्च पर विशेष बल देकर 'यशोदा मेडिसिटी' अस्पताल द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

राष्‍ट्रपति ने कहा कि इस संस्था में कैंसर इलाज की आधुनिकतम सुविधाएं मिलेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू ने अस्पताल का दौरा भी किया। मुर्मू ने कहा कि उन्होंने पहली बार इतना अत्याधुनिक अस्पताल देखा है, जहां एक ही छत के नीचे सभी तरह की जांच और इलाज की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे मरीजों का कीमती समय बचेगा।

उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और यह तभी संभव है जब देश का हर नागरिक स्वस्थ हो। ‘यशोदा मेडिसिटी’ के चेयरमैन डॉ. पी.एन. अरोड़ा ने इस मौके पर अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. अरोड़ा ने पत्रकारों को बताया था कि यशोदा मेडिसिटी अत्याधुनिक तकनीक, अनुभवी डॉक्टरों और स्टाफ से सुसज्जित है

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद में स्थापित 'यशोदा मेडिसिटी' इसका सशक्त उदाहरण है और यह केवल एक अस्पताल नहीं। बल्कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर की एक नई परिभाषा है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के माध्यम से न केवल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के नागरिकों को अत्याधुनिक मेडिकल सुविधाएं एक ही छत के नीचे प्राप्त होंगी।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के लोगों को अब दिल्ली में महंगे इलाज के लिए भटकने की जरूरत नहीं, क्योंकि गाजियाबाद में ही विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जब उत्तर प्रदेश में तृतीय ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी आयोजित हुई थी। उस समय डॉक्टर पीएन अरोड़ा ने इन्वेस्ट यूपी के साथ एमओयू किया था कि गाजियाबाद में अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण करेंगे। इसमें सभी प्रकार की सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं होंगी। विशेष रूप से कैंसर की अत्याधुनिक सुविधा भी, जिसके लिए पहले लोगों को विदेश जाना पड़ता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तब यह विश्वास नहीं होता था कि इतनी जल्दी यह संभव होगा। लेकिन डॉक्टर पी.एन. अरोड़ा, डॉक्टर उपासना अरोड़ा और उनकी पूरी टीम ने मात्र तीन वर्षों में इसे साकार कर दिखाया। सीएम योगी ने कहा कि यह निवेश भी है और 5000 से अधिक लोगों के लिए रोजगार का माध्यम भी है।